अक्टूबर 2023: बुक हॉल #2 - नोएडा पुस्तक मेले से ली गईं

  

अक्टूबर 2023 की खरीद 

अक्टूबर में की किताबों की खरीद की  बात की जाए तो किताबें ऑनलाइन मँगवाई गई और साथ ही बुक फेयर से ली गईं। ऐसे में 31 किताबें इस महीने संग्रह में जुड़ीं। 


बुक हॉल से जुड़ी पिछली पोस्ट में मैंने ऑनलाइन खरीदी पुस्तकों के विषय में बताया। अब इस पोस्ट में उन पुस्तकों के विषय में बताता हूँ कि जो नोएडा पुस्तक मेले से मेरे संग्रह में जुड़ीं।


बुक फेयर से ली गई किताबों के विषय में मैंने बुक फेयर वाली पोस्ट में केवल सूची ही दी थी। लिखा जानबूझ कर नहीं था क्योंकि सोचा था कि बुक हॉल वाली पोस्ट में लिखा जाएगा। 


बुकफेयर की खरीद

अक्टूबर 2023: बुक हॉल
अक्टूबर 2023 बुक हॉल: पुस्तक मेले की खरीद


पुस्तक मेले से इस बार 22 पुस्तकें खरीदी गईं। यह पुस्तकें निम्न हैं:


रिक रिऑर्डन के उपन्यास काफी समय से पढ़ना चाहता था। ऐसे में कुछ दिखे तो रैंडमली उठा लिए। 


पर्सी जैक्सन एण्ड द लाइटिनिंग थीफ



'पर्सी जैक्सन  एंड द लाइटनिंग थीफ' (Percy Jackson and the Lightening Thief) रिक रिऑर्डन (Rick Riordan) की कैंप हाफ ब्लड क्रोनिकल्स (Camp Half Blood Chronicles) शृंखला का पहला उपन्यास है। शृंखला के केंद्र में पर्सी जैकसन है जो कि एक डेमी गॉड (ऐसा इंसान जो कि एक देवता और मनुष्य का पुत्र होता है) है। वो पॉसाइडन का पुत्र है।  

इस उपन्यास में बारह वर्षीय बालक है जिसे अपने सौतेले पिता से नफरत है और अपनी माँ से प्यार करता है। जब वो समर कैम्प से लौटकर घर आता है तो उसके और उसकी माँ के साथ कई ऐसी घटनाएँ होती हैं जो कि आम नहीं है। इसी दौरान उसे पता लगता है कि वो एक देवता पोसाइडन की संतान है और देवताओं के राजा ज्यूस को लगता है कि उसने उनसे कुछ चुराया है और उसके पास उसे ढूँढकर लौटाने के सिवा कोई चारा नहीं है। । 

ज्यूस को ऐसा क्यों लगता है? क्या पर्सी ने सच में वो चुराया था?

इन्हीं सवालों के जवाब ये उपन्यास देता है। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 


पर्सी जैक्सन एंड द  लास्ट ऑलिम्पियन 




पर्सी जैक्सन एंड द लास्ट ऑलिम्पियन (Percy Jackson and the Last Olympian)  रिक रिऑर्डन की कैंप हाफ ब्लड क्रोनिकल्स (Camp Half Blood Chronicles) शृंखला का पाँचवा उपन्यास है। 


क्रोनोस की सेनाएँ ओलिम्पस पर हमला करने को तैयार हैं और उनसे ओलिम्पस को बचाने का सारा दारोमदार पर्सी पर ही है। 

उपन्यास की विषय वस्तु रोचक है। देखते हैं यह कैसे बन पड़ा है। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 


हीरोज ऑफ ऑलिंपस (Heros of Olympus) रिक रिऑर्डन द्वारा किशोरों के लिए लिखी शृंखला है।  इस शृंखला में लेखक ने ग्रीक देवताओं और रोमन देवताओं के बीच के द्वंद को दर्शाते हुए पाँच फंतासी उपन्यास लिखे हैं। इसके तीन उपन्यास उधर मिले तो वो मैंने ले लिए। 


द सन ऑफ नेपट्यून 



द सन  ऑफ नेपच्यून (The Son of Neptune) रिक रिऑर्डन (Rick Riordan) की हीरोस ऑफ ऑलिंपस (Heroes of Olympus) सीरीज का दूसरा उपन्यास है। 

पुस्तक लिंक: अमेज़न 

द मार्क ऑफ एथेना


द मार्क ऑफ एथेना (The Mark of Athena) रिक रिऑर्डन (Rick Riordan) की हीरोज ऑफ ऑलिंपस (Heros of Olympus) शृंखला का तीसरा उपन्यास है। 



पुस्तक लिंक: अमेज़न 



द हाउस ऑफ हेडस 


द हाउस ऑफ हेड्स (The House of Hades)  हीरोज ऑफ ऑलिंपस (Herores Of Olympus) का चौथा उपन्यास है। 

पुस्तक लिंक: अमेज़न 



द ट्रायल्स ऑफ अपोलो (The trials of Apollo) रिक रिऑर्डन (Rick Riordan) की पाँच उपन्यासों की फंतासी शृंखला है। यह शृंखला हीरोज ऑफ ऑलिंपस (Heroes of Olympus) का सीक्वल बनती है। इस शृंखला का घटनाक्रम उसी दुनिया में घटित होता है और उसी शृंखला के किरदारों को लेकर यह लिखी गई है। 

 द टायरेंट्स टूम -  रिक रिऑर्डन (द ट्रायल्स ऑफ अपोलो #4)





द  टायरेंट्स टूम (The Tyrants Tomb) ट्रायल्स ऑफ अपोलो (Trials of Apollo) शृंखला का चौथा उपन्यास है। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 


द अल्टीमेट हिचहाइकर्स गाइड टू गैलेक्सी




द अल्टिमेट हिचहाइकर्स गाइड टू गैलक्सी डगलस एडम्स का लिखा हुआ प्रसिद्ध उपन्यास है। इस उपन्यास को समय से पढ़ने का मन था। यहाँ सही दाम में दिख गया तो खरीद लिया गया।  इसमें डगलस एडम्स द्वारा लिखी त्रयी को प्रकाशित किया गया है। 

यह मूलतः एक विज्ञान गल्प उपन्यास है जो अपने हास्य के तत्वों के लिए जाना जाता है।



पुस्तक लिंक: अमेज़न 


प्रिटीज़ 




सच बताऊँ तो स्कॉट वेस्टरफेल्ड की प्रिटीज़ को मैंने उसके कवर के लिए ही लिया था। उस वक्त इस पुस्तक के विषय में इतना नहीं पता था। किताब उठाकर उसके पीछे लिखे पुस्तक विवरण को भी नहीं पढ़ा था।

खैर, अभी देखा तो पाया कि ये पुस्तक स्कॉट वेस्टरफेल्ड की अगलीज़ शृंखला की दूसरी पुस्तक है।  इस शृंखला के केंद्र में टैली अन्डरवुड है और उसकी दुनिया में खूबसूरत होना ही सबसे जरूरी है।  लेकिन इस खूबसूरती के नीचे क्या स्याह गंदगी है यही इस शृंखला की कहानी बनती है। 

शृंखला की विषय वस्तु रोचक है। यह दूसरा उपन्यास है और इस उपन्यास टैली खूबसूरत बन चुकी है। लेकिन उसके भूतकाल से कुछ ऐसा उसके सामने आता है जो कि उसकी खूबसूरत दुनिया का स्याह चेहरा उसका सामने उजागर कर देता है। अब टैली क्या करती है यही इस उपन्यास का कथानक बनता है। 



पुस्तक लिंक: अमेज़न 


इनवीसीबल सिटी 




इनविजिबल सिटी  एम जी हैरिस की जोशुआ फाइल्स शृंखला का पहला उपन्यास है। किशोरों को ध्यान में रखकर लिखी गई इस शृंखला में पाँच पुस्तकें हैं। 

इस शृंखला के केंद्र में जोशुआ है जो कि अपने पुरातत्त्ववेत्ता पिता की मृत्यु के बाद उनके काम को जारी रखने की कोशिश करता है इस कारण कई मुसीबतों का सामाना कर कई हैरतंगेज अनुभवों से होकर गुजरता है। 

यह शृंखला की पहली पुस्तक है जिसमें जोशुआ के पिता, जो कि मायन सभ्यता से जुड़ी एक पुस्तक की तलाश में थे, की एक प्लेन दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है।  क्या ये दुर्घटना ही थी या इसके पीछे कोई साजिश थी? इन्हीं सवालों के जवाब को खोजते हुए जोशुआ मेक्सिको के जंगलों में पहुँच जाता है। वहाँ उसके साथ क्या होता है और कैसी मुसीबतों से उसका सामना होता है यही कहानी बनती है। 

उपन्यास की विषय वस्तु मुझे रोचक लगी थी और इसलिए इसे ले लिया। देखते हैं इसे कब पढ़ सकेंगे। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 


आर्टीमिस फाउल एण्ड द अटलांटिस कॉम्प्लेक्स



आर्टेमिस फाउल शृंखला ईआन ओहन कॉलफर का लिखी बाल फंतासी शृंखला है। इस शृंखला में ग्यारह उपन्यास हैं। शृंखला का केंद्र में आर्टेमिस फाउल है जो कि खलनायक है लेकिन जैसे जैसे शृंखला आगे बढ़ती जाती है वो एंटी हीरो की तर्ज पर एंटी विलेन बन जाता है। प्रस्तुत उपन्यास में आर्टेमिस फाउल परियों को होने वाली बीमारी से ग्रसित हो जाता है। इसके बाद उसके साथ क्या होता है और वो किस तरह से उन परिस्थितियों से बाहर निकलता है यही उपन्यास का कथानक बनता है। 

इस पुस्तक को लेने से पहले मैं इस शृंखला से वाकिफ़ नहीं था। अब चूँकि हो चुका हूँ तो मुझे यह रोचक लग रही है और इसलिए इसके दूसरे उपन्यास भी पढ़ना चाहूँगा। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 



फ़्रीडम  



फ़्रीडम जोनाथन फ्रेनजन का लिखा उपन्यास है। उपन्यास के केंद्र में बर्गलन्ड परिवार और उसके सदस्य हैं। यह एक मध्यमवर्गीय परिवार है जो कि आदर्श परिवार समझा जाता है। उपन्यास में इस परिवार के सदस्यों और उनकी दोस्तों की ज़िंदगी को दर्शाया गया है। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 



एंथनी होरोविट्ज की डायमंड ब्रदर्स शृंखला का एक उपन्यास द फैलकन्स मालटेसर परिटिब्बा की घुमक्कड़ी के दौरान काफी  पहले पढ़ा था। वह एक हास्य रहस्यकथा था थी जो कि किशोरों के लिए उन्होंने लिखी थी। उपन्यास मजेदार था। उसके बाद उनका लिखा कुछ पढ़ने का मौका नहीं लगा। अब बुक फेयर में उनकी लिखी तीन किताबें दिखीं तो उठा ली।


पॉइंट ब्लैंक 



एलेक्स राइडर एंथनी होरोविट्ज द्वारा रचित एक किशोर जासूस है। इस किरदार को लेकर वो जासूसी उपन्यास लिखत हैँ। पॉइंट ब्लैंक इस शृंखला का दूसरा उपन्यास है। इस उपन्यास को पढ़कर निर्धारित किया जाएगा कि इस शृंखला के अन्य उपन्यास लेने हैं या नहीं। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 


होरोविट्ज हॉरर 




'होरोविट्ज हॉरर' एंथनी होरोविट्ज की लिखी सत्रह भयकथाओं का संग्रह है। किताब की शुरुआत में बताया गया है कि इसमें उन्होंने रोजमर्रा की ज़िंदगी की चीजों, आम घटनाओं इत्यादि को लेकर उसे एक ऐसा ट्विस्ट दिया है जिससे भय उत्पन्न हो जाता है और व्यक्ति सोचने पर मजबूर हो जाता है कि आम चीजें इतनी आम भी नहीं होती। वो भयानक भी हो सकती हैं। 

कहानियाँ कैसी हैं ये तो पढ़ने पर भी पता लगेगा।  


पुस्तक लिंक: अमेज़न 




मैगपाई मर्डर्स 




मैगपाई मर्डर्स लेखक एंथनी होरोविट्ज की लिखी रहस्यकथा है। यह एक हुडनइट उपन्यास है। एंथनी होरोविट्ज का हॉरर लेने के बाद मैंने सोचा कि उनकी एक वयस्कों के लिए लिखी गई अपराध कथा भी लेनी चाहिए और इसलिए इस पुस्तक को मैंने अपने संग्रह में जोड़ दिया। 


पुस्तक के विषय में 

सूजन राईलैंड  प्रसिद्ध लेखक आलें कॉनवे के साथ कई वर्षों से काम कर रही है। कॉनवे का किरदार एटिकस पॉण्ड पाठकों को काफी पसंद आता है। 

पर कॉनवे की नई पांडुलिपि ने सूजन को परेशान कर दिया है। यह उसे काल्पनिक पुस्तक नहीं लगती है। उसे लगता है कि इस कहानी के भीतर एक सच्ची कहानी छुपी है जिसमें कई राज दफन हैं। 

सूजन को ऐसा क्यों लगता है? क्या सच में ऐसा कुछ है? या ये सिर्फ उसकी कल्पना है।  क्या सूजन असलियत तक पहुँच पाती है?


पुस्तक लिंक: अमेज़न 



क्लब यू टू डेथ




'क्लब यू टू देथ' अनुजा चौहान की किताब है। आज तक इनको नहीं पढ़ा है लेकिन चूँकि यह रहस्यकथा है और मुझे रहस्यकथाएँ पसंद हैं तो इसे खरीद लिया। 

पुस्तक के विषय में


दिल्ली के पॉश डेल्ही टर्फ क्लब में मौजूद एक पर्सनल ट्रेनर की मृत्यु हो जाती है। ट्रेनर बार्बेल के नीचे दबा हुआ पाया जात है।  इस मृत्यु  का क्लब के इलेक्शन से एक दिन पहले होना पहले लोगों को बस एक संयोग ही लगता है। लेकिन फिर ऐसे सबूत मिलते हैं जिससे पता लगता है कि इस क्लब के किसी सदस्य ने ही यह हत्या की है। क्लब के सभी सदस्य ताकतवर अमीरजादे हैं। 

अब ये एसीपी भवानी के ऊपर है कि कैसे वो असल कातिल तक पहुँचते हैं? 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 



माय फ्यूडल लॉर्ड - तहमीना दुरानी 



माय फ्यूडल लॉर्ड तहमीना दुर्रानी के संस्मरणों की किताब है। तहमीना दुर्रानी पाकिस्तान के एक बड़े रसूखदार परिवार में जन्मी थी और उनका विवाह पाकिस्तान के बड़े राजनीतिज्ञ के साथ हुआ था। उनका वैवाहिक जीवन कैसा था। किन परिस्थितियों में उन्हें अपने पति से तलाक लेना पड़ा? इस सब का ब्यौरा इस पुस्तक में मौजूद है। 

तहमीना की यह किताब प्रकाशित होंने पर बहुत चर्चित हुई थी। इस पुस्तक के विषय में मैंने काफी सुना था। पढ़ने का मौका नहीं लग पा रहा था। इस बार बुक फेयर में दिखी तो खुद को इसे लेने से रोक नहीं पाया। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 


थ्री ग्रेट मिस्टरी स्टोरीज 



थ्री ग्रेट मिस्टरी स्टोरीज में एनिड ब्लाइटन के तीन उपन्यास संकलित हैं। यह उपन्यास एनिड ब्लाइटन द्वारा लिखी बार्नी मिस्टरी सीरीज के शुरुआती तीन उपन्यास द रॉकिंगडाउन मिस्ट्री (The Rockingdown Mystery), द रिलोबाय फेयर मिस्ट्री (The Rilloby Fair Mystery) और द रिंग ओ बेल्स मिस्ट्री  (The Ring O Bells Mystery) मौजूद हैं। 


मैंने एनिड ब्लाइटन के फेमस फाइव और सीक्रेट सेवन शृंखला के उपन्यास तो पढ़े हैं लेकिन बार्नी मिस्ट्री सीरीज के उपन्यास आजतक नहीं पढ़े थे। अब चूँकि ये संकलन आ गया है तो जल्द ही इन उपन्यासों को पढ़ा जाएगा। उम्मीद है इसे पढ़कर भी उतना ही मज़ा आएगा जितना कि एनिड ब्लाइटन की दूसरी पुस्तकें पढ़ते हुए आया था। 




बार्टीमस:  द रिंग ऑफ सोलोमन 

   


बार्टीमस सीक्वन्स जोनाथन जोनाथन स्ट्राउड की लिखे उपन्यासों की शृंखला थी जिसके केंद्र में एक  किशोर जादूगर नथेनियल और एक पाँच हजार वर्षीय जिन बार्टीमस है। इन शृंखला में फंतासी और जादू थे। 

द रिंग ऑफ सोलोमन इसी शृंखला का प्रीक्वेल है जो कि 2010 में प्रकाशित हुआ था। उपन्यास में बार्टीमस राजा सोलोमन की सेवा में कार्यरत रहता है। इस दौरान जिन जिन परिस्थितियों से वो दो चार होता है वही इस उपन्यास का कथानक बनती है। 

उपन्यास प्रकाशन के बाद काफी प्रसिद्ध हुआ था। मेले में उपन्यास के पीछे का सारांश पढ़ा तो मेरी भी रुचि इसमें जागृत हुई और इसलिए उपन्यास खरीद लिया था। अब पढ़कर देखना है कि कैसा है। 


पुस्तक लिंक: अमेज़न 


द इंटरव्यू 




द इन्टरव्यू (The Interview) मुकल कुन्द्रा का उपन्यास है। यह उपन्यास मुझे बुकसेलर द्वारा मेरी खरीद के साथ मुफ़्त में दिया था। 


पुस्तक के विषय में

यह विहान की कहानी है। विहान जो कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आता है और जिसका सपना अपने पसंदीदा कॉलेज जाकर अपनी ज़िंदगी बनाना था। पर जैसा सोचा था वैसा हो न पाया। वो कॉलेज में तो गया लेकिन वहाँ के माहौल ने उसके आत्मविश्वास को डिगा दिया। फिर परिवार में हुई एक त्रासदी के चलते उसके भीतर जीवन जीने की इच्छा ही समाप्त हो गई। लेकिन फिर एक इच्छा उसके मन में उपजी। वो मुमुक्षु भवन जाना चाहता था। उसने सुना था कि वहाँ उसे मोक्ष मिल सकता है। 

क्या विहान को मोक्ष मिल पाया?


पुस्तक लिंक: अमेज़न 





जंगल के खजाने की खोज - सलीम सरदार मुल्ला 




'जंगल के खजाने' की खोज साहित्य अकादेमी द्वारा पुरस्कृत मराठी बाल उपन्यास 'जंगल खजिन्याचा शोध' का हिंदी अनुवाद है। यह उपन्यास लेखक सलीम सरदार मुल्ला का जीवन के अनुभव पर आधारित है। उपन्यास का अनुवाद सुनीता डागा ने किया है। 


उपन्यास के केंद्र में एक बच्चों की टीम है जो कि जंगल से औषधियों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफ़ाश करती है। यह काम वह कैसे करती है और इसमें उसे क्या मुसीबतें आती हैं यह इस उपन्यास का कथानक बनता है। 

 



पक्या और उसकी गैंग

पक्या और उसका गैंग गंगाधर गाड़गील  के लिखे  मराठी बाल उपन्यास का हिंदी अनुवाद है। बाल उपन्यास का अनुवाद माधवी देशपांडे द्वारा किया गया है। 

उपन्यास के विषय कोई और जानकारी पुस्तक के आगे पीछे किसी भी पृष्ठ पर नहीं है। अब पढ़कर ही देखना होगा कि यह कैसी है?



वनदेवी 



वनदेवी कल्वी गोपालकृष्णन का लिखा तमिल  विज्ञान कथा है जिसका हरीकृष्ण देवसरे द्वारा तमिल से हिंदी में अनुवाद किया गया है। 

यह उपन्यास वनदेवी और लकड़हारे गजाधर के संवाद पर आधारित है। गजाधर जब जंगल में पेड़ काटता है तो उसे एक चीख सुनाई पड़ती है और जंगल की वनदेवी उसे दर्शन देती है। वह गजाधर को हत्यारा कहती है।आखिर वनदेवी गजाधर को क्यों हत्यारा कहती है? 



*****

तो यह थीं पुस्तक मेले से ली गई किताबें। अगर देखा जाए तो पुस्तक मेले से बाल साहित्य ही ज्यादा खरीदा। आजकल मुझे यही पढ़ना भा रहा है। देखते हैं इन पुस्तकों को कब तक पढ़ा जाता है।  


 इसी के साथ अक्टूबर में खरीदी किताबों की सूची समाप्त होती है। 


क्या आपको पुस्तक मेला जाना पसंद है? आखिरी पुस्तक मेला जिसमें आप गए थे वो कौन सा था? 



2 टिप्पणियाँ

आपकी टिपण्णियाँ मुझे और अच्छा लिखने के लिए प्रेरित करेंगी इसलिए हो सके तो पोस्ट के ऊपर अपने विचारों से मुझे जरूर अवगत करवाईयेगा।

  1. आपका पुस्तक-प्रेम अद्भुत है विकास जी। आप अंग्रेज़ी में भी हिन्दी के समकक्ष परिमाण में ही पढ़ लेते हैं, यह भी कोई साधारण बात नहीं। सम्भवतः इसी कारण आप एक श्रेष्ठ अनुवादक भी हैं। बाल साहित्य को पढ़ने में आपकी रुचि भी अन्य पाठकों हेतु एक अनुकरणीय तथ्य है। आशा है, जो भी आप पढ़ रहे हैं एवं आगे पढ़ेंगे, उसके विषय में अपनी भावी पोस्टों में चर्चा भी करेंगे एवं अपने पाठकों को भी इन पुस्तकों से परिचित करवाएंगे।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. जी सर...जो चीजें पढ़ रहा हूँ उनके विषय में लिखने की भी कोशिश रहेगी। आपकी टिप्पणियाँ प्रोत्साहित करती हैं। आभार।

      हटाएं

एक टिप्पणी भेजें

आपकी टिपण्णियाँ मुझे और अच्छा लिखने के लिए प्रेरित करेंगी इसलिए हो सके तो पोस्ट के ऊपर अपने विचारों से मुझे जरूर अवगत करवाईयेगा।

और नया पुराने