मनुष्य से पहले: U से Utahraptor

 


पिछली पोस्ट में हमने टायलोसॉरस के विषय में पढ़ा था। वैसे तो आज की पोस्ट कल यानी सोमवार को आनी थी लेकिन किन्हीं कारणों के चलते मैं सोमवार को कुछ लिख नहीं पाया और इसलिए अभी इस पोस्ट को लिख रहा हूँ। आज की पोस्ट में हम मनुष्यों के धरती में आने से पहले पाए जाने वाले जीव यूटारैप्टर के विषय में जानेंगे। 


क्या थे यूटारैप्टर?

स्रोत: विकिपीडिया

यूटारैप्टर, जिसका अर्थ 'यूटा का शिकारी' या 'यूटा का चोर' होता है, ड्रोमेओसॉरिड प्रजाति के डायनासॉर थे। यह भारी बदन वाले जमीन में रहने वाले जीव थे। यूटारैप्टर ड्रोमेओसॉरिड प्रजाति के सबसे विशालकाय रैप्टर होने का तमगा भी हासिल है। यह विशालकाय जीव 23-25 फीट (सिर से पूँछ तक की लंबाई) तक लंबे होते थे और 680 किलो तक इनका वजन होता था और यह दो पैरों पर चला करते थे। यह पंखों वाले जीव थे। ऐसा भी माना जाता है कि यूटारैप्टर आज के पक्षियों से काफी हद तक संबंधित हैं। 

कब और कहाँ पाए जाते थे यूटारैप्टर?

यूटारैप्टर आज से 13 करोड़ या 13.5 करोड़ साल पहले उत्तर अमेरिका के यूटा इलाके में पाए जाते थे। यही कारण है इन्हें यूटारैप्टर कहा गया है। वहीं यूटारैप्टर को यूटा का राज्य डायनोसॉर का दर्जा भी हासिल है।  

क्या खाते थे यूटारैप्टर?

ऐसा माना जाता है कि अपने आकार और वजन के चलते यह जीव अन्य ड्रोमेओसॉरिड से भले भी धीमे हो लेकिन शाकाहारी जीवों, जिनका ये शिकार किया करते थे, से यह फिर भी काफी फुर्तीले थे। इनके टाँगों  की मजबूत हड्डी यह दर्शाती है यह अपनी टाँगों से ही अपने शिकार पर लात जड़ते थे जो कि उनके शिकार को धराशाही करने के लिए काफी होता था। इसके अलावा इनके पंजे हँसिये जैसे थे जिससे यह अपने शिकार को घायल रखने की कुव्वत रखते थे। वहीं इनके जबड़ों को देखकर वैज्ञानिकों ने यह अंदाजा लगाया है कि अपने शिकार को घायल करने के बाद अपने जबड़ों से यह उसका काम तमाम करते थे। ऐसा माना जाता है यह जीव अपने से विशालकाय डायनोसॉर का शिकार करने में पूरी तरह सक्षम थे। 

यह पूरी तरह से मांसाहारी जीव था जो कि शाकाहारी डायनोसॉरों जैसे सॉरोपोड और ईगुआनोडोन्ट और दूसरे स्तनधारी जीवों (mammals)  को अपना शिकार बनाते थे। 


कैसे विलुप्त हुए यूटारैप्टर?

यूटारैप्टर विलुप्त कैसे हुए इस बात को लेकर वैज्ञानिक इतने निश्चित नहीं है। ऐसा माना जाता है यह अपने से बड़े मांसाहारी जीवों के धरती पर आने के कारण प्राकृतिक मौत मरे। 


*****

तो यह थी यूटारैप्टर के विषय में कुछ संक्षिप्त जानकारी। उम्मीद है यह जानकारी आपको पसंद आई होगी। 


स्रोत: 





ब्लॉगचैटर A to Z के लिए लिखी हुई सभी पोस्ट्स निम्न लिंक पर जाकर पढ़ी जा सकती हैं:





Post a Comment

आपकी टिपण्णियाँ मुझे और अच्छा लिखने के लिए प्रेरित करेंगी इसलिए हो सके तो पोस्ट के ऊपर अपने विचारों से मुझे जरूर अवगत करवाईयेगा।

और नया पुराने